उत्तर प्रदेयश में बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में कलयुगी बेटे ने अपने वृद्ध पिता को कुल्हाड़ियों से काट डाला। बुजुर्ग पिता सब्जी की बारी में मवेशी छोड़ने का विरोध कर रहा था तो युवक ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर वृद्ध पिता को मार डाला।
बचाने आई मां को भी कुल्हाड़ी मारकर लहूलुहान कर दिया। छोटे भाई की बहू को भी मारने दौड़ा तो उसने कमरे में घुसकर जान बचाई। वारदात करके युवक कुल्हाड़ी लेकर भाग गया। मृतक की बहू ने अपने जेठ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह घटना बुधवार रात बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव में हुई।
थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव निवासी रामआसरे उर्फ जुग्गी (72) के नाम छह बीघे जमीन है। उसने एक-एक बीघा जमीन तीनों पुत्रों के नाम कर दी। रामआसरे ने अपने हिस्से की तीन बीघा जमीन को बटाई पर देकर इसमें सब्जी की बारी लगाई थी। बड़ा पुत्र नत्थू कई दिन से अपने मवेशियों से सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। इसे लेकर बुधवार रात रामआसरे का पुत्र नत्थू से विवाद हो गया। इस पर आपा खोए नत्थू ने कुल्हाड़ी से सिर, गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार करके पिता को मार डाला।
पति को बचाने आई मां सुमित्रा (65) को भी नत्थू ने कुल्हाड़ी मारकर लहूलुहान कर दिया। छोटे भाई कल्लू की पत्नी संवरिया पर भी हमलावर हुआ। उसने कोठरी में घुसकर जान बचाई। पुलिस ने सुमित्रा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बहू संवरिया ने बताया कि नत्थू दिल्ली और पंजाब में मजदूरी करता रहा है। एक सप्ताह पहले ही गांव आया था। उसके हिस्से की एक बीघा जमीन परती पड़ी है। थानाध्यक्ष हरीशरण यादव ने बताया कि मृतक की बहू संवरिया की तहरीर पर नत्थू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसकी तलाश की जा रही है।