बिस्तर पर पड़ी मिली मां-बेटी की लाशों से मचा हड़कंप
- फोटो : demo
यूपी के गोरखपुर के शाहपुर के मोती पोखरा में मां-बेटी की लाश कमरे में मिली। घर का दरवाजा बंद होने से किराएदार और मोहल्ले के लोग उनके बाहर होने का अंदेशा जता रहे थे। रविवार की दोपहर दुर्गंध आने पर किराएदार ने पुलिस को सूचना दी। ताला तोड़कर पुलिस जब अंदर गई तो कमरे में बिस्तर पर दोनों की लाश पड़ी मिली।
कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और स्कूटर गायब था। पुलिस बेटी के दो दोस्तों को हत्या के आरोप में हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर स्कूटर भी बरामद कर लिया है।
मोती पोखरा निवासी सूफिया लारेंस (45), बेटी अर्सली (20) के साथ मकान के निचले हिस्से में रहती थीं। दूसरी मंजिल पर किराएदार रहते हैं जिनके आने-जाने के लिए पीछे से सीढ़ी है। 28 मार्च की सुबह से ही सूफिया के घर के गेट पर बाहर से ताला बंद था। स्कूटर भी न होने से लोग मां-बेटी के बाहर होने का अंदेशा जता रहे थे।