मुंबई पुलिस के मशहूर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा को महाराष्ट्र सरकार ने सबसे बड़ा तोहफा दिया है। उसे 9 साल बाद सेवा में बहाल कर दिया है। शर्मा ने मुंबई पुलिस की सेवा के दौरान अंडरवर्ल्ड से जुड़े 113 गैंगस्टर्स का खात्मा किया था। शर्मा पर आरोप लगा था कि वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के इशारे पर काम करते थे।
प्रदीप शर्मा को भाजपा सांसद व मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह का करीबी माना जाता है। शर्मा की पोस्टिंग महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय में की गई थी। शर्मा को अगस्त 2008 में पुलिस सर्विस से निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के बाद उन्हें कई तरह की विभागीय जांच और कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
शर्मा ने सौ से अधिक गुंडों का एनकाउंटर किया जिसमें लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी सहित अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े लोगों का समावेश है। शर्मा का नाम साल 2006 में लखन भैया फेक एनकाउंटर केस में उछला था।
इस मामले में मुंबई पुलिस के 13 अधिकारी व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया था। शर्मा को भी साल 2010 में इसी केस में गिरफ्तार किया गया, लेकिन मुंबई कोर्ट ने उन्हें जुलाई 2013 में सभी आरोपों से बरी कर दिया।