दिल्ली से लौट रहे परिवार की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा फिरोजपुर लुधियाना हाईवे पर गांव मेहना में मंगलवार को हुआ। हादसे में मरने वाले चारों लोग एक ही परिवार के थे। मरने वालों में पत्नी पति सहित उनके दो बच्चे शामिल हैं।
मृतकों की पहचान मोगा के ल्यूब्रीकेंट कारोबारी राजीव मित्तल (47), उनकी पत्नी मंजू मित्तल (40), बेटे शुभम (15) और बेटी सुनिधि (17) के तौर पर हुई है। हादसा इतना भयंकर था कि करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे फंसी कार से मृतकों के शव निकाले जा सके।
जानकारी के अनुसार, राजीव मित्तल नोएडा में आटो एक्सपो देखने के लिए परिवार सहित गए थे, इस दौरान वहां पर उन्हें ल्यूब्रीकेंट कंपनी की ओर से गोवा का टूर ऑफर किया गया। जिसके बाद कंपनी के टूर पर राजीव मित्तल अकेले ही गोवा चले गए। बाद में फिर वह नोएडा परिवार के पास आ गए थे।