उत्तर प्रदेश के देवरिया में रेलवे लाइन पर युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की कोशिशों के बावजूद शवों की पहचान नहीं हो सकी। मौके पर आसपास के गांव वालों की भीड़ जुट गई। लोगों ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई है।
सीवान से गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के यात्री सुबह करीब छह बजे बनकटा स्टेशन पहुंचे और स्टेशन अधीक्षक को प्लेटफॉर्म के रन थ्रू ट्रैक पर एक युवती (22) का शव पड़े होने की जानकारी दी। वहीं 6:20 बजे स्टेशन पर पहुंची पैसेंजर ट्रेन के चालक ने भी इंगुरी सराय रेलवे ढाले के समीप ट्रैक पर युवक (25) का शव होने का मेमो दिया। इसकी खबर मिलते ही घटनास्थल पर गांव वालों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची बनकटा पुलिस ने युवक के शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं, रेलवे स्टेशन पर युवती का शव तीन घंटे तक पड़ा रहा। मौर्य एक्सप्रेस से पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवती पीले रंग की समीज, सलवार पहने हुई थी। कुछ दूरी पर उसका दुपट्टा और चप्पल पड़ी थी। युवक हाफ पैंट और टीशर्ट पहने हुए था।
उसके हाथ पर पेन से कुछ लिखा हुआ था जो अपठनीय था। लोग इसे ऑनर किलिंग से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस अभी कुछ कहने से बच रही है। युवक और युवती के सिर में पीछे गंभीर चोट थी। बनकटा एसओ अजय कुमार ओझा ने बताया कि दोनों पड़ोसी प्रांत बिहार के भी हो सकते हैं। उनकी पहचान के लिए कोशिश की जा रही है।