यूपी के संभल में झूठी शान की खातिर हत्या करने का एक और मामला सामने आया है। तीन दिन पहले नखासा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी की हत्या करके शव को कहीं दूर फेंक दिया गया था। अब असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ी गई युवती को उसके ही परिवार वालों पर मारने का आरोप है।
सम्मान की खातिर की गई ये वारदात मंगलवार रात की है। आरोप ये भी है कि हत्या करने के बाद परिवार वालों ने युवती का अंतिम संस्कार अपने ही खेत पर कर दिया।
युवती की अचानक मौत और आनन-फानन में किए गया अंतिम संस्कार पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि युवती के परिवार वालों ने बीमारी से युवती की मौत होने की बात कही। यह भी कहा कि युवती को तबीयत खराब होने पर डॉक्टर के पास ले जाया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। लेकिन गांव वाले दबी जुबान से कुछ और ही कह रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि युवती को उसी के परिवार वालों ने मार डाला है। अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित का कहना है कि असमोली थाना पुलिस को किसी ने इस घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं दी है। फिर भी पुलिस छानबीन करेगी।