पीलीभीत में बैंक से लिया गया लाखों रुपये का कर्जा चुकाने के लिए पड़ रहे दबाव से परेशान होकर एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान शुक्रवार शाम ही घर से चला गया था और गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में यूकेलिप्टिस के पेड़ से लटक गया। उसे खोजते हुए शनिवार सुबह परिवार के लोग वहां पहुंचे।
गजरौला थाना क्षेत्र की गोयल कॉलोनी के रहने वाले रंजीत बाला पुत्र स्वर्गीय मनिंदर बाला खेती कर परिवार का भरण पोषण करते थे। परिवार वालों के अनुसार, छह साल पहले उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा बिठौरा, यूनियन बैंक पीलीभीत, पंजाब नेशनल बैंक और कोआपरेटिव बैंक से खेती के सिलसिले में करीब साढ़े सात लाख रुपये कर्ज लिया था।
इस रकम को न चुकाने पर बैंक के कर्मचारी रिकवरी के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। इससे रंजीत काफी परेशान रहने लगे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम सात बजे वह बिना बताए घर से निकल गए। देर रात तक वापस न आने पर परिवार वालों को चिंता हुई तो तलाश शुरू की।
शनिवार सुबह पता चला कि एक शव गांव के बाहर पेड़ से रस्सी के फंदे से लटका हुआ है। पता चलने पर परिवार के लोग वहां पहुंचे तो शिनाख्त की। सूचना पर पहुंची रिछौला चौकी पुलिस ने शव नीचे उतारा। पुलिस को भी परिवार वालों ने कर्ज की बात बताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।