पिसावा (अलीगढ़)। साले की बीवी से मोहब्बत हुई तो उसे अंजाम तक भी पहुंचा दिया। उससे शादी रचा ली, लेकिन एक अड़चन सामने आ गई।
.
दरअसल, पिसावा कस्बे में जट्टारी रोड नई बस्ती में सौतेले पिता ने तीन साल की मासूम बच्ची को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। चार-पांच दिन से वह रात में लगातार क्रूरता से पीट रहा था। मंगलवार रात भी बेरहमी से पिटाई शुरू की और तब तक पीटता रहा जब तक बच्ची ने दम नहीं तोड़ दिया।
तड़के पहर वह शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में था उससे पहले ही पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और आरोपी को दबोच लिया। बच्ची की मां को फिलहाल पुलिस कस्टडी में ही घर पर रखा गया है।
साले की बेटी थी मासूम
जानकारी के अनुसार नई बस्ती निवासी अमरपाल पुत्र जंगलिया ने चार माह पहले फिरोजाबाद निवासी अपने साले कमल सिंह की पत्नी राधा देवी से कोर्ट मैरिज कर उसे अपने घर ले आया था। राधा देवी के पांच पुत्र थे।
कमल सिंह ने पिसावा आकर अपने तीन बड़े बच्चों जिनमें दो बेटी और एक बेटे को साथ ले गया था जबकि दो छोटे बच्चों एक बेटी और एक बेटे को पत्नी के पास ही छोड़ गया था। पड़ोसियों ने बताया कि अमरपाल पिछले चार-पांच दिन से तीन साल की मधु को बेरहमी से रात में पीट रहा था।
राधा देवी भी उसका साथ देती थी। मंगलवार तड़के पहर पड़ोसियों को मधु की हत्या की भनक लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। इस पर एसओ संजय पांडे फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जमीन पर बच्ची का शव पुलिस को मिला। उधर अमरपाल ने भागने की कोशिश की जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
मां के भी हत्या में शामिल होने का शक
एसओ संजय पांडे के अनुसार राधा देवी के बयानों से उसके भी बच्ची की हत्या में शरीक होने का शक हो रहा है। फिलहाल उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन दो सिपाहियों की उसके घर पर तैनाती कर दी गई है, ताकि वह कहीं भाग न सके। मृत बच्ची के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे प्रतीत हो रहा है कि पीट-पीटकर हत्या की गई है।
पोस्टमार्टम से मौत का सही कारण पता चलेगा। राधा देवी के पहले पति कमल सिंह को भी सूचना दे दी गई है। तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। अमरपाल अपराधी किस्म का है। उस पर अलीगढ़ के कई थानों में संगीन अपराधों में रिपोर्ट दर्ज है। बुलंदशहर में भी केस दर्ज हैं। सभी जगह जांच कराई जा रही है।