छेड़छाड़ के आरोपी कोे दस जूते मारने की सजा
- फोटो : demo
यूपी के सहारनपुर के नानौता में चार दिन पूर्व नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ मामले में हुई पंचायत में आरोपियों को 10 जूतों एवं 50 हजार अर्थदंड की सजा सुनाई गई। छेड़छाड़ के आरोपियों को पंचायत में जूते मारने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है। जबकि पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जताई।
नानौता क्षेत्र के ग्राम ठसका में चार दिन पूर्व दो किशोरियां को गांव के ही दो युवकों ने गन्ने के खेत में खींचकर छेड़छाड़ की थी। इसकी शिकायत पीड़ित किशोरियों की मां ने थाने पर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बाद में दोनों पक्षों में समझौते के लिए पंचायत के दौर शुरू हुआ। बताया जाता है कि इस मामले को लेकर नानौता निवासी एक नेता दोनों पक्षों को अपने प्रतिष्ठान पर ले गए। जहां दोनों पक्षों में आपस में जमकर कहासुनी हुई।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों ने पंचायत में निर्णय लेते हुए छेड़छाड़ के दोनों आरोपियों को सजा के तौर पर दस-दस जूते मारे और मौके पर ही 50 हजार रुपए का अर्थदंड भी वसूल किया। पंचायती फरमान नगर और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं थाना पुलिस ने इस बारे में अनभिज्ञता जताई। थानाध्यक्ष अवनीश यादव ने कहा कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।