उमरिया जिले के विश्वविख्यात बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर बफर परिक्षेत्र से सटे ग्राम सेमरिया के जंगल में रविवार सुबह एक महिला पर बाघ ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। 38 वर्षीय रीना बैगा जंगल में महुआ बीनने गई थी, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें-
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे गांव से 14 साल के बच्चे को उठा ले गया बाघ, खून से लथपथ मिला शव
घटना की जानकारी मिलते ही पार्क प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पार्क प्रबंधन ने घायल महिला के इलाज की पूरी जिम्मेदारी ली है। परिक्षेत्राधिकारी विजय शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि यह वही बाघ हो सकता है जिसने शनिवार को ग्राम पिपरिया में 14 वर्षीय बालक विजय कोल पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। दो दिनों में हुए इन दो हमलों ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है।
ये भी पढ़ें-
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दिखा दुर्लभ सोनकुत्तों का झुंड, देखिए वीडियो
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के आसपास बाघ द्वारा हमला करने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 2 अप्रैल को पनपथा बफर जोन में महुआ बीनने गई एक युवती पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। वहीं शनिवार को धमोखर क्षेत्र में 14 वर्षीय बालक बाघ के हमले का शिकार बन गया था। लगातार हो रही घटनाओं के चलते वन विभाग ने पिपरिया और सेमरिया के आसपास के जंगलों में विशेष गश्त शुरू कर दी है। परिक्षेत्राधिकारी श्रीवास्तव ने बताया कि एक प्रशिक्षित हाथी और सुरक्षा कर्मियों की टीम को तैनात कर बाघ को घने जंगलों की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगलों में अकेले या समूह से अलग होकर न जाएं और वन विभाग की चेतावनियों का पालन करें।