बाघ ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ ने फिर हमला कर दिया। एक बुजुर्ग को बाघ ने निशाना बनाया, पर बुजुर्ग की पत्नी हिम्मत दिखाते हुए बाघ से भिड़ गई और पति की जान बचा ली।
गौरतलब है कि प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कहीं बाघों की मौत तो कहीं ग्रामीणों की मौत थमने का नाम नही ले रही है। हर दिन कोई न कोई घटना घट रही है। शनिवार देर शाम मवेशी चरा कर लौट रहे ग्राम बड़खेड़ा निवासी 62 वर्षीय वृद्ध राम शरण बैगा पिता नथाई बैगा पर दमना बीट के पहड़िहा हार में बाघ ने अचानक आकर हमला कर दिया। राम शरण ने खुद बाघ से संघर्ष करते हुए अपनी जान बचाकर आसपास के लोगों से गुहार लगाई जिसमें वहीं बगल से उनकी पत्नी धान का रोपा लगाने का कार्य कर रही थी, जो आवाज सुनते ही दौड़ी और अपने जान की बाजी लगाकर पति की जान बचाई। बाघ को भागना पड़ा और पति की जान बच पाई।
मानपुर रेंजर मुकेश अहिरवार ने बताया कि वन विभाग को खबर लगते ही हमारे आरए भाई लाल सिंह एवं सहयोगी छोटू सिंह वन प्रहरी मौके पर पहुंच घायल वृद्ध को मानपुर समुदायिक भवन में लाया गया, जहां उपचार जारी है।