उमरिया के जनप्रतिनिधियों ने मिलकर जनपद पंचायत के सीईओ की शिकायत की।
- फोटो : अमर उजाला
उमरिया जिले की करकेली जनपद पंचायत के सीईओ डीएन पटेल पर जनपद पंचायत के निर्वाचित सदस्यों ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। पंचायत के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर डॉ. केडी त्रिपाठी और जिला पंचायत के सीईओ इला तिवारी को पटेल की शिकायत की है। आरोप है कि पटेल मनरेगा योजना में 10% कमीशन लेते हैं।
हैरानी की बात यह है कि पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधि एकजुट होकर पटेल के खिलाफ खड़े हुए हैं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि पटेल उनके साथ अभद्र भाषा में बात करते हैं। गाली-गलौज करना और बिना कमीशन के काम न करना, उनकी आदत में शामिल है। जनपद सदस्यों ने पत्र में आरोप लगाया कि पटेल इसके पूर्व में जहां पदस्थ थे, वहां भी इनकी काली करतूतें और भ्रष्टाचार के आरोप उन पर लगते ही रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने कहा कि जनपद पंचायत करकेली के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने लिखित शिकायत दी है। मैंने इस संबंध में कलेक्टर से चर्चा की है। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों का एक टीम बनाई है, जो इस मामले की जांच करेगी। यह टीम जैसे ही रिपोर्ट सौंपेगी, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।