भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दोस्ती ने राज्य की राजनीति में नया सियासी रंग भर दिया है। दोनों नेता शनिवार को पहली बार मंच साझा किया। इस घटना को राजनीतिक विशेषज्ञ राज्य की सियासत के लिए नया समीकरण मान रहे हैं।
तीसरे अंतरराष्ट्रीय नदी उत्सव के अवसर पर शनिवार को नर्मदा और तवा नदियों के संगम पर बंदरभान में आयोजित कार्यक्रम में भारती और चौहान एक साथ मंच पर दिखे। इन दोनों नेताओं को एक मंच पर लाने का श्रेय गंगा समग्र अभियान के संयोजक और राज्यसभा सांसद अनिल माधव दवे को जाता है।
वैसे इस उत्सव में उमा भारती और चौहान दोनों को शामिल होना था, लेकिन वे अलग-अलग दिन यहां आने वाले थे। उमा का कार्यक्रम शनिवार को था, जबकि चौहान रविवार को समापन समारोह में शामिल होने वाले थे। पर दवे के अनुरोध पर चौहान शनिवार के कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमत हो गए।
सूत्रों के अनुसार पहली बार मंच साझा करने वाले इन दोनों नेताओं से कुछ समय तक आपस में बातचीत की और एक-दूसरे को भाई-बहन कहकर संबोधित किया।