उज्जैन में एक युवक की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ट्रैक्टर से पंजा जोड़ते समय गिरा था और ट्रैक्टर के पहियों की चपेट में आ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उज्जैन के इंदौर रोड स्थित ग्राम करोहन में रविवार सुबह खेत पर चलते ट्रैक्टर में पंजा जोड़ते समय युवक नीचे गिरा और नीचे दबकर बुरी तरह जख्मी हो गया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह इंदौर रोड फोरलेन स्थित ग्राम करोहन में रहने वाला जगदीश पिता शंकरलाल प्रजापति अपने खेत को ट्रैक्टर से हांक रहा था और चलते ट्रैक्टर में वह पंजा जोड़ने लगा, इसी बीच संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिरा और दबने से उसकी मौत हो गई। इस दौरान खेत पर मौजूद परिजनों ने उसे दबते हुए देखा तो तत्काल वहां पहुंचे और जगदीश को नीचे से निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई थी। मृतक के भाई नंदकिशोर ने बताया कि पंजा लगाते समय गिरा, लेकिन पुलिस को अंदेशा है कि ट्रैक्टर रिवर्स लेने के दौरान वह दबा होगा। पुलिस परिजनों से दोबारा पूछताछ करेगी।