उज्जैन जिले में एक ट्रक चालक ने मोबाइल पर बात करते-करते आगर रोड की रोटरी पर ट्रक चढ़ा दिया, जिससे रोटरी को काफी नुकसान हुआ। नगर निगम में लोक निर्माण समिति के प्रभारी शिवेंद्र तिवारी तत्काल मौके पर पहुंचे और ट्रक मालिक पर जुर्माने की कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।
बता दें कि यह घटना शुक्रवार सुबह हुई। ट्रक क्रमांक आरजे-51 जीआर-0081 के चालक मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइव कर रहा था। रिमझिम बारिश के बीच इस दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर मंडी चौराहे पर सिंहस्थ में लाल पत्थर से बनी रोटरी में घुस गया। इससे रोटरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम में लोक निर्माण समिति के प्रभारी शिवेंद्र तिवारी और उद्यान प्रभारी मौके पर पहुंचे। तिवारी ने बताया, रोटरी को इतना नुकसान हुआ है कि उसे दोबारा बनाना पड़ेगी। उपयंत्री सौम्या चतुर्वेदी को उन्होंने पुलिस प्रकरण दर्ज कराने और जुर्माना करने की कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी।