उज्जैन में माकड़ोन के समीप उमराझर गांव के जंगल में वनमंडल तराना का दल पौधे लगाने के लिए स्थान देखने गया था। इस दौरान वहां के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उन पर लट्ठ और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में एक कर्मचारी के पैर में चोट आई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया है।
माकड़ोन थाना पुलिस ने बताया, मंगलवार दोपहर वन परिक्षेत्र तराना मंडल पदाधिकारी राकेश पिता आरके गोनेकर निवासी तराना अपने स्टॉफ के 5-6 सदस्यों के साथ वन क्षेत्र में भ्रमण के लिए गए ग्राम उमराझर गए थे। यहां विभाग द्वारा पेड़-पौधे लगाने के लिए स्थान तलाशा जा रहा था। जब वन विभाग की टीम जमीन देख रही थी, उसी दौरान आधा दर्जन लोगों ने उन पर पत्थर फेंके और लट्ठ से हमला कर दिया। साथ ही जमकर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
हमले में एक कर्मचारी का पैर भी जख्मी हो गया। टीम को वहां से जान बचाकर भागना पड़ा। वहां से भागकर वन विभाग के दल ने माकड़ोन थाने में पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य अपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार लोगों के नाम सामने आए हैं, जो कि गुर्जर समाज के बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी।