लोगों ने सेवानिवृत्त जवान का फूल माला पहनाकर किया स्वागत
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना में देशभक्ति का ऐसा माहौल छाया कि लोगों ने सड़कों पर उतरकर देश की सेवा कर अपने गृह नगर लौट कर आए सेना के जवान को फूलों से लाद दिया। नगर भर में जुलूस निकाला और तिरंगे के सम्मान के साथ घर छोड़कर आए। राष्ट्र सेवा कर अपने घर लौटे भारतीय सेना के जवान का गांव के लोगों ने अभूतपूर्व स्वागत कर यह दिखा दिया कि आम जनता के मन में भारतीय सेना का क्या स्थान है।
दरअसल, भारतीय थल सेना में रहकर 19 वर्ष राष्ट्र रक्षा करके सेवानिवृत्त हुए जवान विजय यादव को शासकीय सी एम राइज स्कूल पर लेने बड़ी संख्या में नगरवासी और युवा पहुंचे। नगरवासियों ने भारत माता के जयकारों के साथ ढोल ढमाके और हर्षोल्लास से पुष्प बरसाकर स्वागत किया। सी एम राइज स्कूल से लेकर सैनिक के घर तक सेवा निवृत्त फौजी विजय यादव को नगरवासी जन रैली निकालकर ले गए। जगह-जगह उनका स्वागत पुष्प वर्षा से किया गया। साथ ही भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरी रैली गूंज उठी। पूरे रास्ते भारत माता के जयकारे लगाए गए, इस दौरान वाहनों पर तिरंगा भी लगाया गया।
घर पहुंचने पर अपनी माटी के लाल के स्वागत में ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछा दिए। जगह-जगह पर पुष्प वर्षा के साथ माला पहनाकर स्वागत किया गया। नगरवासी बोले कि फौजी विजय यादव हमारे लिए न केवल गर्व की अनुभूति का प्रतीक हैं, बल्कि प्रेरणास्रोत भी हैं। यादव की प्रेरणा से आज नगर के कई युवा देश सेवा के लिए फौज में जाने की तैयारी कर रहे हैं।
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त जवान विजय यादव ने बताया कि मैं भारतीय थल सेना में 19 साल देश के लिए सेवा कर सेवानिवृत्त होकर वापस अपने गांव लौटा हूं। मुझे काफी गर्व है कि मैंने अपने देश की सेवा की है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सभी युवा वर्ग से यही कहना चाहूंगा कि आप सब भी भारतीय सेना में शामिल होइए। यहां सेवा के साथ-साथ अपना जीवन कैसे जीना है और हर क्षेत्र में काम करने का तरीका भी सिखाया जाता है।