रिजल्ट से पहले आई इस पोस्ट पर अब सवाल उठ रहे हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद भोपाल में हुए मंथन में सबसे ज्यादा चर्चा नागदा भाजपा के कार्यकर्ता की सोशल मीडिया पोस्ट की रही। इस पोस्ट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने सवाल खड़े किए हैं। दरअसल फेसबुक पर 1 दिसंबर 2023 को ही डाली गई पोस्ट में नागदा में भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय को मिलने वाले वोटों का सटीक विश्लेषण था। इसको लेकर दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि क्या मतगणना से पहले भाजपा कार्यकार्ताओं को परिणाम पता थे।
मध्यप्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद कांग्रेस हार पर मंथन कर रही है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट पर नागदा के भाजपा कार्यकर्ता और पूर्व नगर महामंत्री अनिल छाजेड़ द्वारा फेसबुक पर डाली गई एक पोस्ट पर प्रदेश के चुनाव परिणाम को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि "इन दो तस्वीरों पर गौर करें, लाल बैकग्राउंड में भाजपा कार्यकर्ता लिख रहे हैं खाचरौद विधानसभा चुनाव में किसे कितने वोट गिरे और कौन कितने वोट से जीत रहा है। महत्वपूर्ण यह है कि यह पोस्ट मतगणना से दो दिन पहले यानी 1 दिसंबर 2023 को ही लिख दी गई थी। अब नतीजे के बाद की तस्वीर से मिलान कर लें"।
याद रहे कि उज्जैन जिले की सात विधानसभा सीट में से कांग्रेस को दो ही सीट पर विजय मिली है। नागदा सीट कांग्रेस की सुरक्षित सीट मानी जाती रही है, लेकिन परिणाम आए तो भाजपा के तेजबहादुर सिंह को 93,552, कांग्रेस के दिलीप गुर्जर को 77,625 और निर्दलीय सहित नोटा को मिलकर कुल 8114 वोट मिले थे। परिणाम में भाजपा के तेजबहादुर सिंह 15927 वोट से जीत गए। दरसअल अनिल छाजेड़ परिणाम से दो दिन पहले 1 दिसम्बर 2023 को फेसबुक पर जो पोस्ट डाली थी उसमे उन्होंने लिखा था। "खाचरौद नागदा विधानसभा कुल मत गिरे 178364 , अन्य प्रत्याशी 8364 भाजपा 93000 कांग्रेस 77000, भाजपा विजय" अब इस बेहद करीबी विश्लेषण और केल्कुलेशन को लेकर दिग्विजय सवाल उठा रहे हैं।
20 वर्षों का अनुभव है विश्लेषण किया तो निकला सटीक- छाजेड़
इसको पोस्ट को लेकर भाजपा कार्यकर्ता अनिल छाजेड़ ने कहा कि मैं पार्टी का 20 वर्ष पुराना कार्यकर्ता हूं। चुनाव में काम करते हुए सटीक विश्लेषण किया था। विधानसभा क्षेत्र की जानकारी होने और रुझान देखकर सोशल मीडिया पर विश्लेषण किया था।