विधायक जीतू पटवारी ने कहा, घोटाले के साथ ही सिंहस्थ परिक्षेत्र की भूमि को एक जनप्रतिनिधि ने अपने और अपने परिवार के नाम पर खरीदा और इस परिक्षेत्र को सिंहस्थ क्षेत्र से हटाकर आवासीय घोषित करवाने का प्रयास करने के साथ इसे मास्टर प्लान में भी शामिल करवा लिया था। लेकिन बाद में आपत्ति के बाद सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि को पुनः सुरक्षित रखा गया। यह वही भाजपा के नेता हैं जो की महाकाल के सबसे बड़े भक्त बनते हैं और यहां पहुंचकर माथा भी टेकते हैं, लेकिन घोटाले करने में भगवान को भी पीछे नहीं छोड़ते हैं।
टावर चौक पर हुई आमसभा के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी घोटाला में काफी आगे निकल चुकी है। विनोद मिल की जमीन बिल्डरों को ओने-पौने दाम पर बेची गई है। 1000 से 1500 स्क्वायर फीट की जमीन को अब 10,000 स्क्वॉयर फीट के दाम पर बेचा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी धर्म संप्रदाय व नफरत के नाम पर वोट लेकर लोगों को लूटते हैं। जन आक्रोश रैली के दौरान सभी को यह संकल्प दिलाया कि पार्टी चाहे किसी को भी अपना प्रत्याशी बनाए, लेकिन आपको सिर्फ और सिर्फ हाथ के पंजे पर ही वोट डालना है। हवा का रुख अब बदल रहा है, हमारी सरकार बनेगी तो भाजपा सरकार के हर घोटाले को उजागर किया जाएगा।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विवेक गुप्ता ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा यात्रा के संयोजक पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा की पंथपिपलई से शुरुआत हुई। कांगेस नेता सोनू शर्मा द्वारा इसका भव्य स्वागत किया गया यहां पर नुक्कड सभा को भी जीतू पटवारी द्वारा सम्बोधित किया गया। यह यात्रा ग्राम निनोरा होते हुए नानाखेड़ा, बस स्टैंड, सिंधी कॉलोनी चौराहा, भतवाल चौराहा पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा टावर चौक पर बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण पूर्व मंत्री जीतू पटवारी द्वारा किया गया।
तत्पश्चात टावर पर दक्षिण क्षेत्र की जन आक्रोश सभा आयोजित की गई, जिसे पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने संबोधित किया। सभा के पश्चात यात्रा पुनः प्रारंभ होकर उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चामुंडा माता चौराहे से प्रवेश करेगी जो देवास गेट चौराहे, मालीपूरा से होती हुई दौलतगंज चौराहे, तोपखाना, गुदरी होती हुई गोपाल मंदिर पहुंची और वहां उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र की सभा को जीतू पटवारी संबोधित किया। जगह-जगह जनता और कांग्रेस नेताओं ने यात्रा का अभिनंदन रखा था।
11,400 किलोमीटर की है जन आक्रोश यात्रा
भ्रष्टाचार, बेरोजगारी दलितों पर अत्याचार और बढ़ती महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर इन दोनों मध्यप्रदेश मे कांग्रेस पार्टी द्वारा 230 विधानसभा क्षेत्र में लगभग 11,400 किलोमीटर की जनआक्रोश यात्रा निकाली जा रही है, जिसे निकालने का मुख्य उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ यही है कि प्रदेश मे वर्षों से भाजपा की सरकार होने के बावजूद भी आज हर वर्ग परेशान है। इनका उत्थान करने के लिए बड़ी-बड़ी बात तो की जाती है। लेकिन कोई कार्य नहीं किया जाता है। इसीलिए जनता का यह आक्रोश अब साफतौर पर दिखाई देने लगा है। उज्जैन जिले में भी यह यात्रा दो दिन तक निकली जाएगी, जिसमें 26 सितंबर मंगलवार को यह यात्रा उज्जैन उत्तर-दक्षिण में निकाली गई, जिसके बाद 27 सितंबर को यह यात्रा घटिया, घोसला, तराना मे पहुंचेगी। यात्रा के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी नुक्कड़ के साथ ही आमसभा और जनता से संवाद भी करेंगे।