आयोजन की बागडोर संभाले मुस्लिम नेता शरीफ पटेल और प्रसादी निर्माण की चल रही तैयारी
मजहब, जाति और संप्रदाय की दीवारों को लांघकर देश में एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब की एक बेहद खूबसूरत और प्रेरणादायी तस्वीर सामने आई है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से अयोध्या तक निकलने वाली सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में भगवान श्री राम के भक्तों और साधु-संतों के भोजन की पूरी जिम्मेदारी एक मुस्लिम नेता शरीफ पटेल को सौंपी गई है। इस जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा, श्रद्धा और गर्मजोशी के साथ निभा रहे हैं।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का आरंभ कल 20 अक्टूबर 2026 (विजयादशमी) पर होगा। यह यात्रा कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की अगुवाई में बाबा महाकाल की नगरी, उज्जैन से प्रारम्भ होकर भगवान श्री राम की पावन नगरी, अयोध्या उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान देश के कोने-कोने से पधारने वाले साधु-संत और श्रद्धालुगण प्रसादी ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही यात्रा मार्ग में कन्या भोज का भी भव्य आयोजन रखा गया है। इन सभी आयोजनों की भोजन व्यवस्था की कमान सांवेर के कांग्रेस नेता शरीफ पटेल संभाल रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: द. कोरिया से आए फोन ने खोला बेटी की मौत का राज, कुछ साल पहले दो बहनों ने भी दी थी इसी घर में जान
शरीफ पटेल के लिए यह कोई नया अनुभव नहीं है। वे इससे पहले भी कावड़ यात्रा के दौरान भंडारों और अन्य धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाते रहे हैं। उनकी यह निष्पक्ष सेवा और समर्पण इस बात का प्रमाण है कि इंसानियत और आपसी भाईचारा किसी भी धर्म की सीमाओं से बहुत ऊपर होता है। याद रहे कि आज के समय में जब अक्सर दूरियां बढ़ाने वाली खबरें सामने आती हैं, वहीं उज्जैन से शुरू हुई यह पदयात्रा और शरीफ पटेल द्वारा निभाई जा रही यह जिम्मेदारी देश को अखंडता, प्रेम और सामाजिक समरसता का एक बेहतरीन संदेश दे रही है। यह इस बात की तस्दीक करता है कि हमारे देश की असली ताकत इसकी साझी संस्कृति और आपसी भाईचारा है।
प्रसादी निर्माण की चल रही तैयारी
प्रसादी निर्माण की चल रही तैयारी
मुस्लिम नेता शरीफ पटेल