उज्जैन में पदस्थ रहते लोकायुक्त की कार्रवाई में फंसे डिप्टी कलेक्टर सिराज मंसूरी के खिलाफ उनकी पत्नी तबस्सुम बानो ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर लोकायुक्त में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को सिद्ध कर दिया है। तबस्सुम बानो ने कहा कि मंसूरी ने शासकीय सेवक के पद का दुरुपयोग कर बेनामी संपत्ति अर्जित की और व्यभिचार के लिए दुबई और थाईलैंड की यात्राएं कीं। तबस्सुम ने यह भी आरोप लगाए कि मंसूरी ने उन्हें और उनकी बेटी को झूठे केस में फंसाने और गोली मारकर जान से मारने की धमकी भी दी।
तबस्सुम बानो जिला पंचायत सीईओ की जनसुनवाई में पहुंची थी। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर मंसूरी की पत्नी होने का दावा किया और पति मंसूरी के खिलाफ धमकाने सहित पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार से करोड़ों की बेनामी संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य सौंपे। तबस्सुम ने कहा कि धमकी की सारी रिकार्डिंग उनके पास मौजूद हैं। वह पुलिस को यह सब बता चुकी हैं इसके बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मंसूरी के पासपोर्ट की ही जांच की जाए तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।
ये भी पढ़ें-
खबर का असर: महाकाल मंदिर में पत्रकारों की एंट्री पर लगाई 'पाबंदी' को हटाया, पहले की ही तरह मिलेगा प्रवेश
तबस्सुम बानो ने बताया कि उनके पति डिप्टी कलेक्टर मंसूरी ने पद का दुरुपयोग कर सरकार को सूचना दिए बगैर बैंकॉक, दुबई और ईराक जैसे देशों की यात्राएं भी की हैं। साथ ही भ्रष्टाचार से रिश्तेदारों के नाम छिंदवाड़ा, इंदौर, जबलपुर में प्लॉट, मकान और लग्जरी वाहन खरीदे हैं। मामला डिप्टी कलेक्टर का होने पर अधिकारी पसोपेश में पड़ गए और कोई कार्रवाई नहीं की। बता दें कि मंसूरी करीब एक साल पहले उज्जैन में एसडीएम थे। यहां उन पर एक मस्जिद में 3 लाख रुपए दिलवाने के आरोप की लोकायुक्त ने जांच शुरू की, तो उनका भोपाल तबादला हो गया था। मामले में डिप्टी कलेक्टर मंसूरी से चर्चा का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कॉल अटेंड नहीं किया।
एसपी से मिलने की हुई सलाह
तबस्सुम ने बताया कि इससे पहले वो डिप्टी कलेक्टर पति की शिकायत इंदौर में जनसुनवाई के दौरान कर चुकी हैं। इंदौर कलेक्टर ने एसडीएम एलएन गर्ग को शिकायत की जांच सौंपी है। इधर जिला पंचायत सीईओ ने तबस्सुम को एसडीएम और तहसीलदार के पास भेजा। तहसीलदार ने तबस्सुम से कहा कि यह मारपीट का मामला भी है इसलिए एसपी को शिकायत करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें-
क्यों नवरात्रि में नहीं होती शयन आरती? जानें 51 शक्तिपीठों में एक मां हरसिद्धि की महिमा
अवैध संबंध का पता चलने पर विवाद
तबस्सुम के अनुसार 2008 में जब मंसूरी तहसीलदार थे, तब उनकी शादी हुई और एक साल बाद बेटा हुआ। इसके बाद ट्रांसफर हुआ, तो हम परिवार से दूर दूसरे शहर रहने लगे। यहां मंसूरी की दूसरी महिलाओं से संबंध का पता चलने पर विवाद हुआ, तो मुझे जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान पति मंसूरी दुबई, बैंकॉक और इराक गए। विदेश जाते समय ऑफिशियल सिम बंद कर उसी देश की सिम लेते थे और वापस लौटकर वह सिम तोड़ देते थे। तबस्सुम ने शिकायत से संबंधित फोटो वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं।
शिकायतकर्ता तबस्सुम ने डिप्टी कलेक्टर सिराज मंसूरी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
- एलएन गर्ग, एसडीएम