शहर में चूड़ी बेचने वाले व्यक्ति को घर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है महिला ने पहले चूड़ीवाले को घर बुलाया। उसके कपड़े उतारकर अश्लील फोटो खींचे व वीडियो बना लिया। बाद में ब्लैकमेल कर दस लाख रुपये मांगे। महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना नीलगंगा थाना क्षेत्र की सिंधी कॉलोनी की है। पुलिस ने बताया कि शमशुल पिता शब्बीर खान नामक व्यक्ति गोपाल मंदिर, पटनी बाजार क्षेत्र में चूड़ी बेचने का काम करता है। वह ठेला लगाता है और फेरी लगाकर चूड़ी बेचता है। सिंधी कॉलोनी निवासी महिला नमिता ने उसे चूड़ी खरीदने के बहाने अपने घर बुलाया। जब शमशुल उसके घर पहु्ंचा तो वहां दो पुरुष भी पहले से मौजूद थे। महिला और दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की। जेब में रखे रुपये छीन लिए। इसके बाद शमशुल के कपड़े उतारकर महिला के साथ अश्लील फोटो खींचे और वीडियो बना लिया। इनको वायरल करने की धमकी देकर दस लाख रुपये मांगे।
चूड़ी व्यापारी ने हाथ जोड़कर कहा कि उसके पास इतने रुपये नहीं है तो ब्लैकमेलरों ने पांच लाख रुपये कम कर दिए। हालांकि व्यापारी ने कहा कि उसके पास रुपये नहीं है। वह कहां से लाएगा। आखिर में एक लाख 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। करीब चार घंटे तक व्यापारी को बंधक बनाने के बाद उसे छोड़ा। यहां से व्यापारी पुलिस के पास पहुंचा और पूरी घटना बताई। पुलिस ने जांच के बाद महिला व दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया। महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दोनों साथी फरार है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह एक गिरोह है जो लोगों को इसी तरह फंसाकर ब्लैकमेल करता है। पूछताछ की जा रही है।