मध्यप्रदेश के देवास में लाल गेट इलाके के पास एक दो मंजिला इमारत गिर गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग जख्मी हो गए। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित परिवारों के लिए 8.95 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देना का एलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कहा, 'देवास में कल मकान गिरने से हुए हादसे में 10 लोगों को सकुशल निकाल लिया गया, जबकि एक बच्चे सहित 2 लोगों की मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्घटना पर संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिवार को राज्य सरकार की ओर से 8.95 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।'
समाचार एजेंसी एएनआई ने एनडीआरएफ के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि बचाव एवं राहत कार्य पूरा हो चुका है। कुल 10 लोगों को बचाया गया है। मलबे से दो शव भी बरामद किए गए हैं।
बता दें कि देवास के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड पर यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। मकान के मलबे को जेसीबी से हटाया गया। जानकारी के अनुसार इस मकान में चार भाईयों का परिवार रहता था।