मध्यप्रदेश के मंत्री भूपेंद्र सिंह पत्रकारों से चर्चा करते हुए।
- फोटो : सोशल मीडिया
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरणों में है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमृत माटी कलश भेंट किया जाएगा। इस कलश में आजादी के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों की जन्मभूमि, बलिदान भूमि एवं उनके जीवन से जुड़े 75 स्थानों की माटी शामिल होगी।
मप्र के मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से जनजातीय गौरव कार्यक्रम पर बातचीत की। सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री 15 नवंबर को दोपहर 12.33 बजे राजाभोज विमानतल पहुंचेंगे। यहां से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से जंबूरी मैदान पहुंचेंगे। जंबूरी मैदान में जनजातीय भाई-बहन पारंपरिक समूह नृत्य से प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे। इसके बाद मोदी भगवान बिरसा मुंडा एवं जनजातीय समाज के क्रांतिकारियों पर केन्द्रित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। वे जनजातीय बहनों के सेल्फ-हेल्प ग्रुप द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन करेंगे। प्रधानमंत्री के मंच पर आते ही कार्यक्रम स्थल में अलग-अलग स्थानों पर पारंपरिक वेशभूषा में तैयार कलाकार पारंपरिक नृत्य एवं वाद्य यंत्रों से उनका स्वागत करेंगे। कार्यक्रम के बाद मोदी हेलीकॉप्टर से बरकतुल्ला यूनिवर्सिटी स्थित हेलीपेड पहुंचेंगे। यहां से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री शाम 4 बजे राजाभोज विमानतल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
भोपाल के आसपास 12 शहरों में आंगुतकों की व्यवस्था
सिंह ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में प्रदेश के सभी स्थानों से जनजातीय बंधु शामिल होने भोपाल आ रहे है। उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई है। भोपाल शहर के आसपास 12 शहरों में गौरव दिवस में शामिल होने वाले आंगतुकों के ठहरने और भोजन, चाय की व्यवस्था की गई है। आंगतुक कार्यक्रम से पहले रात्रि-विश्राम करेंगे एवं सुबह कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।