Rajgarh: चचेरी बहन की शादी की तैयारियां करवा रहे भाई की सड़क हादसे में मौत
- फोटो : फाइल फोटो
चचेरी बहन की शादी की तैयारियों के लिए पचोर आए भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य भाई भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात उनकी बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मारी दी थी।
जानकारी के अनुसार घटना राजगढ़ के बड़बेली बिहार गांव की है। नरसिंहगढ़ के जंगल क्षेत्र में स्थित बड़बेली बिहार गांव में रहने वाले चांदसिंह की बेटी की शनिवार को शादी होना है। रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया था। चांदसिंह के छोटे भाई उमेशसिंह का बेटा राज सोलंकी शादी में मदद कराने पहुंचा था। रिश्तेदारों की अगुआई करने 18 साल का राज अपने दो चचेरे भाइयों को साथ लेकर बाइक से पचोर के लिए निकला था।
रास्ते मे ही बोड़ा के समीप कांकड़ वाले हनुमान मंदिर के सामने पचोर की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद रंग की बोलेरो पिकअप वाहन ने राज की बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे राज सोलंकी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे छगन पिता दुलेसिंह (17) , विजयराज पिता किशोरसिंह (16) बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और गम्भीर घायल हो गए। घटना रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था और गलत दिशा में था। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक पिकअप को लेकर रफूचक्कर हो गया।
कोरोना काल में गत वर्ष पिता की हुई थी मौत
बताया जा रहा है राज सोलंकी के पिता उमेश सोलंकी की बीते वर्ष कोरोना के दौर में मौत हो गई थी। राजपूत परिवार में शनिवार शाम लड़की की शादी है। रात को हुई घटना के बाद सुबह 7:30 बजे गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।