निवाड़ी जिले के खदरी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की नदी में नहाने गए तीन नाबालिगों की डूबने से मौत हो गई। निवाड़ी जिले के जेरोन थाना प्रभारी ट्विंकल यादव ने बताया कि सोमवार दोपहर को पुलिस को जानकारी मिली कि तीन नाबालिग बच्चे नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गांव वालों की मदद से तीनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक बच्चा खदरी खिरक गांव का था और दो बच्चे अलग-अलग गांवों से थे। ये तीनों बच्चे गांव में पाल समाज के एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। सुबह जब वे नहाने के लिए पिपरी घाट नदी में पहुंचे तो एक बच्चे के डूबने पर बाकी दो उसे बचाने गए। इसी कोशिश में तीनों बच्चे नदी में डूब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीनों मृतक थे नाबालिग
जेरोन थाना प्रभारी ने बताया कि नदी में नहाते समय तीनों नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से एक बच्चा, यशपाल पाल (उम्र 15 साल), खदरी खिरक गांव का रहने वाला था। दूसरा बच्चा, ऋतिक पाल, टीकमगढ़ जिले के लिधौरा थाना क्षेत्र के एक गांव का था। तीसरा बच्चा, रोहित प्रताप सुनील पाल, निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के रजवार गांव का निवासी था।
यह भी पढ़ें: भोपाल मेट्रो ट्रायल 90 किमी/घंटा की रफ्तार से, सितंबर से शुरू होगी कमर्शियल सेवा, जानें क्या है खास?
शादी में शामिल होने आए थे तीनों
थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों नाबालिग खदरी खिरक गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वे आपस में रिश्तेदार थे। सुबह तीनों बच्चे साथ में नहाने के लिए पिपरी घाट नदी पर गए थे। जब एक बच्चा डूबने लगा तो बाकी दो उसे बचाने के लिए कूद पड़े। लेकिन बचाने की कोशिश में तीनों बच्चे डूब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।