टीकमगढ़ में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बड़ागांव थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आइसर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक से करीब 281 पेटी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने चालक और क्लीनर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बड़ागांव थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आइसर ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के नरोसा नाला के पास चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध आइसर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक में छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने शराब की पेटियों को कब्जे में लेकर ट्रक को भी जब्त कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक में 281 पेटी शराब बरामद हुई है। जब्त शराब की कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने ट्रक के चालक और क्लीनर को हिरासत में लिया
पुलिस के अनुसार, शराब को ट्रक के केबिन में छिपाकर ले जाया जा रहा था, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस को इसकी जानकारी न हो सके। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते शराब की खेप पकड़ ली गई। टीकमगढ़ एसडीओपी राहुल ने बताया कि शराब की यह खेप ग्वालियर से जबलपुर की ओर ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने ट्रक के चालक और क्लीनर को हिरासत में लिया है। दोनों से शराब के परिवहन और इसके पीछे जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें- ‘अभी मुझे शांति से मरने दो': त्विषा का मौत से पहले भाभी को आखिरी मैसेज, CBI चार्जशीट में खुलासे; क्या लिखा?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बरामद अवैध शराब