देवास में डिप्टी कलेक्टर के घर में चोरी
- फोटो : social media
मध्यप्रदेश के देवास में चोरी की अजीबोगरीब वारदात देखने को मिली है। इस बार चोरों ने डिप्टी कलेक्टर के घर को निशाना बनाया है। चोरों के हाथ घर से ज्यादा कुछ सामान नहीं लग पाया। इसके बाद चोरों ने डिप्टी कलेक्टर को नसीहत देते हुए एक पत्र भी छोड़ दिया।
चोरी की यह वारदात खातेगांव के डिप्टी कलेक्टर त्रिलोचन सिंह गौड़ के देवास स्थित मकान पर हुई। उनका यह निवास सिविल लाइंस में स्थित है, जहां कलेक्टर-एसपी से लेकर कई अन्य प्रशासनिक अफसरों के अलावा सांसद निवास और कार्यालय भी है। ऐसे सुरक्षित इलाके में चोरी की वारदात पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा कर रही है।
डिप्टी कलेक्टर का घर 15-20 दिनों से सूना पड़ा हुआ था। चोरों ने इस बात का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया। घर के पूरे सामान को बिखेरने और तलाशने के बाद भी चोरों के हाथ केवल 30 हजार रुपए ही लग पाए, इसके बाद चोरों ने डिप्टी कलेक्टर के नाम पत्र में लिखा कि जब पैसे नहीं थे तो लॉक नहीं करना था कलेक्टर।
शहर में बढ़ रही हैं चोरी की घटनाएं
डिप्टी कलेक्टर के घर हुई चोरी की घटना ने पुलिस को सकते में डाल दिया है। घटना के बाद पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंच घर का मुआयना किया। शहर में चोरी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी है। कुछ ही दिनों पहले भाजपा नेता रवि जैन के इलेक्ट्रॉनिक्स के शो रूम में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। इस घटना में लाखों रुपए की नकदी और तीस लाख रुपए के मोबाइल चोरी हुए थे।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू कर दी है, डिप्टी कलेक्टर का घर 15-20 दिनों से बंद पड़ा था। जब शनिवार को डिप्टी कलेक्टर घर लौटे तब उन्हें इस वारदात की जानकारी हुई। चोरी किस तारीख को हुई इसका भी पता लगाया जा रहा है।