सतना में एक बार फिर युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। बुधवार शाम घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और हरकत में आई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चार दिन पुराना है। वीडियो में दबंग एक युवक के साथ जमकर मारपीट करते हुए गालियां दे रहे हैं। युवक रोते हुए भगवान के लिए छोड़ देने की फरियाद कर रहा है, लेकिन वे लात, घूंसे, डंडे, चप्पल जो मिला उसी से पीट रहे हैं। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी खुद ही बनाया है।
पुलिस के मुताबिक दीपक (20) पुत्र शैलेंद्र सिंह निवासी अबेर ने बताया कि वह अपने दोस्त आदर्श सिंह और धर्मपाल सिंह निवासी के साथ गौरइया होते हुए रीवा जा रहा था। गौरइया पुल पार ही कर रहा था कि पुरानी रंजिश के चलते विनय पाल निवासी गौरइया ने उसका रास्ता रोक लिया। उसके साथ हिमांशु तिवारी, नीरज सिंह निवासी खमरिया और मलखान सिंह निवासी गौरइया भी थे। वीडियो में दिख रहा है कि दबंगों ने दीपक को जबरन अपनी बाइक पर बिठाया और मंदिर के आगे ले जाकर आदर्श तथा धर्मपाल को एक जगह बैठे रहने को कहा। इसके बाद पीड़ित को गालियां दीं और फिर उस पर लात- घूंसे, चप्पल से हमला कर दिया। इसके बाद एक डंडा ले आए और उससे पीटने लगे।