मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव का ऐलान हो चुका है। इसमें 16 नगर निगमों के महापौर के दावेदारों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है। कांग्रेस की तरफ से कई सीटों पर दावेदारों के नाम सामने आ चुके हैं, लेकिन अभी पार्टी की तरफ से घोषणा होना बाकी है। वहीं, बीजेपी में अभी मंथन ही चल रहा है। बीजेपी के सामने 16 महापौर सीटों पर कब्जा बरकरार रखने की चुनौती है। दोनों ही पार्टियों की तरफ से गुरुवार को अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें उम्मीदवारों के नाम पर मोहर लग सकती है। जानें कौन है बीजेपी-कांग्रेस के संभावित दावेदार।
भोपाल- OBC (महिला)
भोपाल में पिछली बार बीजेपी के आलोक शर्मा महापौर थे। इस बार अन्य पिछड़ा वर्ग महिला सीट है। इस बार बीजेपी की तरफ से राजो मालवीय, मालती राय और विधायक कृष्णा गौर के नाम पर भी चर्चा है। मालवीय महापौर का चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन जीत नहीं मिल पाई थी। राय पार्षद रह चुकी हैं। कृष्णा गौर पूर्व सीएम स्व. बाबूलाल गौर की बहू हैं। हालांकि बीजेपी की तरफ नए चेहरे और कार्यकर्ताओं को टिकट देने की नीति चल रही है। ऐसे में चर्चा है कि बीजेपी कोई नए नाम का ऐलान कर चौंका सकती है। वहीं, कांग्रेस की तरफ से महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और पूर्व महापौर विभा पटेल का नाम तय बताया जा रहा है।
इंदौर- अनारक्षित
यहां पिछली बार ओबीसी महिला सीट थी। कांग्रेस की तरफ से विधायक संजय शुक्ला का नाम महापौर के लिए तय बताया जा रहा है। उन्होंने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। वहीं, बीजेपी की तरफ से महापौर के लिए कई नाम सामने आए हैं। जिसमें सबसे आगे विधायक रमेश मेंदोला का नाम बताया जा रहा है। वहीं, जीतू जिराती, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, गोपीकृष्ण नेमा, बीजेपी प्रवक्ता उमेश शर्मा और पूर्व स्टेट माइनिंग कॉरपोरेशन के उपाध्यक्ष गोविंद मालू भी महापौर पद की दावेदारी में लगे हुए हैं।
जबलपुर- अनारक्षित
जबलपुर से पिछली बार बीजेपी से स्वाति गोडबोले महापौर थीं। यहां पर कांग्रेस ने जगत बहादुर अन्नू का नाम तय कर दिया है। विवेक तन्खा के करीबी जगत बहादुर और उनकी पत्नी पार्षद रह चुके हैं। वहीं, बीजेपी की तरफ से डॉ. जितेंद्र जामदार, संदीप जैन, आशीष दुबे और कमलेश अग्रवाल दावेदार बताए जा रहे हैं। जामदार को सीएम शिवराज सिंह चौहान और जैन को सांसद राकेश सिंह का खास बताया जाता है।
ग्वालियर- सामान्य (महिला)
ग्वालियर में बीजेपी की तरफ से पूर्व मंत्री माया सिंह को प्रमुख उम्मीदवार बताया जा रहा है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि माया सिंह महापौर का चुनाव लड़ने को लेकर तैयार नहीं हैं। उनके अलावा सुमन शर्मा, डॉ. अंजली रायजादा, अर्पणा पाटिल का नाम भी चर्चा में है। वहीं, कांग्रेस की तरफ से शोभा सिकरवार का नाम तय बताया जा रहा है। वे विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी हैं। हालांकि ग्वालियर कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा भी अपनी पत्नी रीना शर्मा के लिए दावेदारी कर रहे हैं।
उज्जैन- अनुसूचित जाति
कांग्रेस ने तराना से विधायक महेश परमार के नाम तय कर दिया है। परमार युवा चेहरा हैं और जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बीजेपी की तरफ से डॉ. प्रभुलाल जाटवा, रामचंद्र कोरट, कमल बैरव और जयप्रकाश जूनवाल के नाम दावेदारों में शामिल हैं।
सागर- सामान्य (महिला)
कांग्रेस की तरफ से सागर में पूर्व विधायक सुनील जैन की पत्नी निधि जैन का महापौर पद का प्रत्याशी बनना तय बताया जा रहा है। वहीं, बीजेपी की तरफ से भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष संध्या भार्गव, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व पूर्व पार्षद मेघा दुबे व पार्षद रह चुकी प्रतिभा चौबे महापौर के नाम दोवदारों में है।
मुरैना- अनुसूचित जाति (महिला)
कांग्रेस की तरफ से शारदा सोलंकी का नाम चल रहा है। वे पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी की पत्नी हैं। वहीं, बीजेपी की तरफ से विधायक कमलेश जाटव की पत्नी आरती जाटव का नाम आगे है। हालांकि इसके अलावा भी दोनों तरफ से कई दावेदार हैं। बीजेपी में शीला वर्मा और सुनीता जाटव का नाम भी चर्चा में है। शीला वर्मा के पति यशवंत वर्मा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं।
छिंदवाड़ा- अनुसूचित जनजाति
कांग्रेस की तरफ से महापौर प्रत्याशी के लिए विधायक सुनील उइके का नाम आगे चल रहा है। इसके अलावा युवक कांग्रेस अध्यक्ष एकलव्य यहाके का नाम भी चर्चा में है। वहीं, बीजेपी की तरफ से अनंत कुमार धुर्वे, प्रकाश उइके, जितेंद्र शाह और गुरुप्रसाद धुर्वे के नाम चर्चा में हैं।
सतना- ओबीसी
कांग्रेस में विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा अपने और अपनी पत्नी के लिए दावेदारी कर रहे हैं। वहीं, वरिष्ठ नेता अजय सोनी का नाम भी चर्चा में है। बीजेपी की तरफ से पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य लक्ष्मी यादव और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकर और पूर्व नगर निगम अध्यक्ष अनिल जायसवाल दावेदार हैं।
रतलाम- ओबीसी
कांग्रेस की तरफ से युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष मयंक जाट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभु राठौर, पूर्व पार्षद राजीव रावत और बीजेपी से पूर्व निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, पूर्व पार्षद प्रहलाद पटेल, बीजेपी पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष दिनेश राठौर का नाम चर्चा में है।
खंडवा- ओबीसी (महिला)
कांग्रेस की तरफ हरसूद नगर पंचायत की अध्यक्ष रहीं लक्ष्मी यादव का नाम चल रहा है। इनके पति श्याम यादव कांग्रेस नेता हैं। पूर्व सांसद अरुण यादव की पत्नी नम्रता यादव का नाम भी टिकट की दावेदारी में शामिल हैं। बीजेपी की तरफ से डॉ. प्रीति गुर्जर और सीमा राठौर का नाम चर्चा में है। इसके अलावा ममता बोरसे भी दावेदार हैं। ये बीजेपी की वरिष्ठ नेता हैं।
बुरहानपुर- सामान्य (महिला)
कांग्रेस में नगर निगम अध्यक्ष गौरी शर्मा का नाम चल रहा है। इसके अलावा महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीति सिंह राठौड़, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सरिता भगत का नाम भी चल रहा है। वहीं, बीजेपी में पूर्व महापौर माधुरी पटेल और मीना रमेश पाटीदार की भी दावेदारी है। इनके पति रमेश पाटीदार बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं।
देवास- सामान्य (महिला)
कांग्रेस में श्वेता प्रवेश अग्रवाल का नाम तय माना जा रहा है। भाजपा के दावेदारों में पूजा रवि जैन का नाम सबसे आगे है। इसके अलावा बीजेपी की तरफ से रीता विमल शर्मा, गीता अग्रवाल और पूर्णिमा खंडेलवाल का नाम भी चर्चा में है। हालांकि पार्टी की तरफ से नाम तय होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
कटनी- सामान्य (महिला)
कांग्रेस की तरफ से यूथ कांग्रेस पदाधिकारी श्रेहा खंडेलवाल का नाम चल रहा है। इंटक और ट्रांसपोर्ट अध्यक्ष बीएम तिवारी की बहू श्वेता तिवारी भी दावेदार बताई जा रही हैं। इसके अलावा राजकुमारी जैन का नाम भी चल रहा है। बीजेपी से पूर्व विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री अलका जैन, भाजपा की पूर्व महिला जिला अध्यक्ष भावना सिंह और शिल्पी सोनी, सीमा सोगानी भी प्रमुख दावेदार हैं। सीमा के पति कैलाश सोगानी पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष रहे हैं।
रीवा- अनारक्षित
कांग्रेस से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय मिश्रा बाबा का नाम आगे चल रहा है। इसके अलावा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पांडे और विनोद तिवारी भी दावेदार हैं। पूर्व विधायक अभय मिश्रा अपने लड़के विभूति नारायण मिश्रा के लिए दावेदारी कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी से वरिष्ठ नेता वेंकटेश पांडे का नाम आगे है। इन्हें मंत्री राजेंद्र शुक्ला का खास माना जाता है। इसके अलावा प्रमोद व्यास, कमलेश सचदेवा, विवेक दुबे, संजय द्विवेदी, प्रज्ञा त्रिपाठी भी दावेदार हैं।
सिंगरौली- अनारक्षित
कांग्रेस की तरफ से शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसके अलावा पूर्व महापौर रेणु शाह भी अपनी दावेदारी कर रही हैं। वहीं, बीजेपी में उद्योगपति अैर वरिष्ठ नेता वशिष्ठ पांडे और वरिष्ठ नेता शिवेंद्र बहादुर सिंह का नाम चल रहा है। शिवेंद्र बहादुर सिंह के पिता प्रेम सिंह पूर्व मंत्री रहे हैं।