सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र के ग्राम हटवा में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिठौली से सीधी की ओर आ रहे ऑटो और अमिलिया की तरफ जा रहे पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में ऑटो सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये पढ़ें-
धार हादसे में तीन मृतक मंदसौर, दो जोधपुर के निवासी, इंदौर की बैठक में शामिल होने आए थे
भीषण टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। वहीं, पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे में गंगा प्रसाद भुजवा, चंद्रशेखर भुजवा, राजकुमार भुजवा, हीरालाल भुजवा, नकछेड़ी भुजवा, ललन धारी भुजवा घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कमर्जी थाना प्रभारी पवन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
पिकअप चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्रित कर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वे जल्द से जल्द आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
ये पढ़ें-
छिंदवाड़ा-बैतूल मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, देवर-भाभी की मौके पर मौत
गांव में पसरा सन्नाटा
इस दर्दनाक हादसे के बाद हटवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषी चालक को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।