मप्र शासन द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें गुना सांसद डॉ. केपी यादव को मप्र सरकार द्वारा सदस्य मनोनीत किया गया है। ये समिति केंद्र सरकार की विभिन्न कार्यक्रमों में व्यय की जाने वाली सार्वजनिक निधियों के अधिकतम उपयोग के संदर्भ में व्यय की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाई गई है।
सांसद यादव के अलावा समिति में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते व सांसद प्रह्लाद सिंह पटेल को भी सदस्य नामित किया है। कुल 31 सदस्यीय इस समिति के प्रमुख कार्यों में जिला स्तरीय दिशा कमेटी में लिए गए निर्णयों के संबंध में समीक्षा करना, शासन द्वारा संचालित कार्यक्रम या योजनाओं के लाभार्थियों के गलत चयन, निधियों के दुरुपयोग व कार्यक्रमों के कार्यन्वयन के संबंध में प्राप्त शिकायतों व अनियमितताओं की जांच व अनुवर्ती कार्यवाही के निर्देश देना आदि रहेंगे।
केपी यादव ने कहा कि सरकार अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही है। देश की जनता को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाकर उसके जीवन स्तर को ऊपर उठाना ही मोदी सरकार का उद्देश्य है। केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन ठीक ढंग से हो सके, इसके लिए राज्य स्तरीय दिशा समिति के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की अध्यक्षता में हम सभी अपना दायित्व निभाएंगे।