मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर में शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी पर चार वर्षीय दलित बालिका से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नाबालिग से दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण पंजीबद्व कर गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।
शाजापुर महिला थाने की महिला उपनिरीक्षक राबिता चौधरी ने बताया कि घटना पिछले माह 25 जून 2023 की है। इसमें शुजालपुर के फ्रीगंज में स्थित साईं मंदिर के पुजारी आरोपी संतोष द्वारा चार वर्षीय दलित बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया है। इसमें परिजनों के बयान व पीड़ित बालिका की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 376 (AB ) IPC और 5f, 5M, और 6 लैंगिक अपराधों से बालको का संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है और आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल पहुंचाया गया है।
ऐसे पता चला घटना का
बच्ची से पूछताछ में पता चला है कि बालिका ने अपनी नानी से प्राइवेट पार्ट वाली जगह दर्द होने की शिकायत की थी। नानी ने स्थानीय डॉक्टर को दिखाकर दवाई दे दी। दो दिन बाद नानी को फिर से बालिका के प्राइवेट पार्ट वाली जगह मवाद दिखाई दिया, मवाद देखकर बालिका से पूछताछ की तो उसने उन्हें बताया की पंडित जी को डंडे से मारना और उसे जेल भेज देना। बालिका के मुंह से यह बात सुनकर परिजन शुजालपुर मंडी थाने पहुंचे। भीम आर्मी और परिजनों का आरोप है कि मंडी पुलिस ने नानी और पोती को एक निजी होटल में भेज दिया, और दो दिन तक निजी होटल में रखकर पुलिस उन्हें यह समझाइश देती रही कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। घटना की जानकारी जैसे ही भीम आर्मी व अन्य संगठनों को लगी तो वे बालिका और उसके परिजनों के साथ कलेक्टर के पास पहुंचे, कलेक्टर ने एसपी से चर्चा कर उनके पास भिजवा दिया। एसपी यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर महिला पुलिस थाना शाजापुर में आरोपी पुजारी के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म सहित अन्य धाराओ में प्रकरण पंजीबद्व कर गिरफ्तार किया गया और जेल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि बालिका के माता-पिता बैंगलोर में नौकरी करते हैं और बच्ची अपने नाना-नानी के पास शुजालपुर में रहती है। बालिका के नाना-नानी आरोपी पुजारी के पास में ही निवास करते हैं और बालिका खेलते हुए पुजारी के पास आया जाया भी करती थी।