मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में बुधवार को बड़ा एक्शन लेते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल हटा दिया है। दरअसल, कलेक्टर पर ड्राइवर से बदसलूकी के आरोप हैं। वहीं, ड्राइवर ने कहा कि शाजापुर कलेक्टर ने ड्राइवरों को भड़काने का काम किया था, जो हुआ ठीक है।
शाजापुर में मंगलवार को कलेक्टर और ड्राइवरों के बीच आयोजित बैठक के दौरान कलेक्टर किशोर कन्याल ने भड़कीले अंदाज में एक ड्राइवर से उसकी औकात तक पूछ डाली थी। घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए और प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पास भी जा पहुंचे।
विज्ञापन
कलेक्टर ने स्पष्टीकरण के रूप में अपना एक वीडियो जारी करते हुए यह भी कहा, उनका इरादा ड्राइवरों को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने गैर कानूनी तरीके से विरोध न करने को लेकर समझाइश दी थी। लेकिन उनका यह स्पष्टीकरण भी काम नहीं आया और बुधवार सुबह सीएम मोहन यादव ने शाजापुर कलेक्टर को वहां से हटा दिया और उनकी जगह रिजु बाफना को शाजापुर कलेक्टर बना दिया।
विज्ञापन
वहीं, पूरे घटनाक्रम के बाद ड्राइवर भी मीडिया के सामने आया। जहां उसने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि कलेक्टर साहब ने ड्राइवरों को भड़काने का काम किया था और प्रशासन ने जो भी निर्णय लिया है, उसको हम मानते हैं। ड्राइवर पप्पू अहिरवार का कहना था कि हम ड्राइवर लोग हमारी समस्या से कलेक्टर साहब को अवगत करवा रहे थे। तभी कलेक्टर साहब मेरे ऊपर भड़क गए और मेरी औकात के बारे में बात करने लगे।
जब ड्राइवर से यह प्रश्न किया गया कि कलेक्टर को हटा दिया गया है, इसमें आप क्या कहेंगे? तो उसका कहना था कि मैं एक छोटा सा ड्राइवर हूं, इसमें मैं कुछ नहीं कह सकता और मैं कुछ नहीं जानता कि मुझे क्या कहना है। बाद में ड्राइवर ने जरूर यह कहा कि कलेक्टर ने ड्राइवरों को भड़काने का काम किया था। इस पर प्रशासन ने जो निर्णय लिया है, वह पालन करते हैं और उसे मानते हैं।