शाजापुर में कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का बाइक चलाते समय दोनों हाथ छोड़ने का वीडियो वायरल हुआ। विधायक ने इसे जोश में हुई गलती बताते हुए माफी मांगी। कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने यातायात नियमों और कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए।
शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक बुलेट बाइक चलाते समय कुछ देर के लिए दोनों हाथ हैंडल से हटाकर हाथ ऊपर उठाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो मंगलवार को सामने आया। बताया जा रहा है कि सोमवार को विधायक जल जन सेवा रैली के दौरान कालापीपल से जामनेर जा रहे थे।
वीडियो में विधायक चंद्रवंशी रैली में कार्यकर्ताओं के साथ बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन कुछ समय के लिए दोनों हाथ हैंडल से हटा लिए और हाथ ऊपर उठाकर बाइक चलाते नजर आए। इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यह स्टंट नहीं था, बल्कि जोश में उनसे गलती हो गई। विधायक ने कहा कि किसी को भी इस तरह बाइक नहीं चलानी चाहिए। उन्होंने इसे अपनी बड़ी गलती बताते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही।
चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के सामने कानून और यातायात नियमों के पालन की बात करते हैं, लेकिन खुद नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि मध्य प्रदेश में दो कानून चलेंगे या सभी के लिए एक ही कानून लागू होगा। उन्होंने पूछा कि क्या जनप्रतिनिधि के खिलाफ भी कार्रवाई होगी या इस मामले को केवल गलती मानकर छोड़ दिया जाएगा।