ब्यौहारी थाना क्षेत्र के छतैनी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना बीती रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान हिड़वाह निवासी भैय्या लाल सिंह पिता शिवचरण गोंड के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार छतैनी रेलवे ट्रैक पर युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना ट्रेन के चालक ने स्टेशन मास्टर और पुलिस को दी थी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: धार: वराह मार्च को लेकर प्रशासन सख्त, अनुमति रद्द होने के बाद कई पदाधिकारी गिरफ्तार, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
परिजनों के मुताबिक भैय्या लाल एक दिन पहले घर से ब्यौहारी जाने की बात कहकर निकला था। बाद में शाम को उसने फोन कर बताया था कि वह अपने ससुराल में रुका हुआ है और सुबह घर लौट आएगा। इसके बाद वह छतैनी रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसको लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
ब्यौहारी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस युवक के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की परिस्थितियों और हादसे की वजह की जांच कर रही है। परिजनों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। युवक वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।