रेत का अवैध उत्खनन करने के कारण जब्त वाहन
शहडोल में रेत का अवैध उत्खनन करने के बाद उसका परिवहन करते हुए एक हाइवा ट्रक को पुलिस ने जब्त किया है। जहां से रेत निकाली गई वो इलाका प्रतिबंधित है। पुलिस के अनुसार सोन घड़ियाल प्रोजेक्ट से रेत का अवैध खनन करके परिवहन किया जा रहा था। प्राइवेट गाड़ी से पहुंची पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार देवलौंद थाना के सोन घड़ियाल अभ्यारण से रेत का अवैध खनन माफिया कर रहे थे जिसकी जानकारी मुखबिर के द्वारा पुलिस को लगी। जानकारी लगते ही थाना प्रभारी डी के दहिया ने टीम के साथ ट्रक को पकड़ा। पुलिस के अनुसार ट्रक बैरिहाई के पास मिला, जिसमें अवैध रेत लोड थी,पुलिस ने बताया कि वाहन चालक राजेश यादव पिता हीरालाल यादव से पुलिस ने रेत से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे लेकिन चालक ने कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। पुलिस की पूछताछ में चालक ने बताया कि वह रीवा का रहने वाला है।
थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन चालक राजेश यादव एवं वाहन मालिक राजेंद्र सिंह बघेल पर खनिज अधिनियम एवं वन जीव संरक्षण अधिनियम तथा कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार सोन घड़ियाल क्षेत्र को वन विभाग ने संरक्षित कर रखा है। इस क्षेत्र में बड़े-बड़े मगरमच्छ रहते हैं। उनकी सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा के लिए यह कदम काफी साल पहले उठाया गया था। लेकिन खनन माफिया आए दिन इस क्षेत्र से रेत की चोरी करते हैं। जिस पर पुलिस कार्रवाई करती है।