जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा जगमल के पास हुआ। टक्कर के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से भाग निकला लेकिन घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भोलहरा निवासी पिंटू कोल (20) बाइक से बुढ़वा से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जगमल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: छतरपुर: तेज रफ्तार बस ने टैक्सी को मारी टक्कर, नानी की अंत्येष्टि में जा रही मासूम की सड़क हादसे में मौत
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अस्पताल भिजवाया। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि जिस पिकअप से हादसा हुआ था, वह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर आगे जाकर पलट गई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पिकअप वाहन पलटा हुआ मिला, लेकिन उसमें चालक या अन्य कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है। वाहन की पहचान और उसके चालक की तलाश की जा रही है। देवलौंद थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर से दुर्घटना करने वाली पिकअप को जब्त कर थाने लाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी गई है।