शहडोल जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्यौहारी पुलिस ने नशीली कफ सिरप की तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक कार से 50 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कफ सिरप, मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल कार समेत कुल 10 लाख 35 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात ब्यौहारी थाने को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक एमपी 17 सी सी 9214 से अवैध नशीली कफ सिरप का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बोकरा तिराहा मेन रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
ये भी पढ़ें-
दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पहुंचेगी तराना, चंदा चोरी और वोट चोरी पर उठाए सवाल
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे रखी बोरी से OHMS CANDYKUF नाम की 50 शीशी कफ सिरप बरामद हुई। प्रत्येक शीशी में 100 एमएल सिरप थी। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की गई।
रीवा से खरीदकर लाए थे सिरप
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कफ सिरप रीवा से खरीदकर लाए थे। इसे ब्यौहारी क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रीवा जिले के निवासी मिथिलेश मिश्रा और ब्यौहारी के सूखा रोड निवासी विक्रांत वर्मा के रूप में हुई है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 22 और मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब नशीली कफ सिरप की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।