विकासखंड शिक्षा अधिकारी और मदद करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार
- फोटो : amarujala
इंदौर लोकायुक्त की टीम ने झाबुआ में रिश्वतखोरी के मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी जय नारायण बैरागी और उनके सहयोगी कर्मचारी पवन सिंह बिलवाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैरागी ने एक कर्मचारी के निलंबन अवधि के वेतन के बिल पास कराने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
दरअसल, संबंधित कर्मचारी को विभाग ने निलंबित कर दिया था। वह निलंबन अवधि के वेतन के रूप में 2 लाख 30 हजार रुपये की राशि विकासखंड शिक्षा अधिकारी जय नारायण बैरागी से मंजूर कराना चाहता था। आरोप है कि बैरागी ने बिल पास करने के एवज में उससे 10 हजार रुपये मांगे। इसकी शिकायत कर्मचारी धूम सिंह पिता पुन सिंह ने लोकायुक्त विभाग से की थी।
शिकायत के बाद लोकायुक्त की टीम गुरुवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची। आरोप है कि बैरागी ने धूम सिंह से रिश्वत की रकम कार्यालय के कर्मचारी पवन सिंह बिलवाल को देने के लिए कहा।
जैसे ही धूम सिंह ने केमिकल लगे नोट पवन सिंह बिलवाल को दिए और वह रकम गिनने लगा, लोकायुक्त की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पवन सिंह ने बताया कि उसे विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने रुपये लेने के लिए कहा था।