मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों ने साप्ताहिक हाट बाजार में दुकान लगा रखी थी, तब अचानक शाम छह बजे बिजली कड़कने लगी। तीनों अपनी जान बचाने के लिए ओट लेते, उससे पहले ही बिजली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मामला जिले के अमलाई थाना अंतर्गत ग्राम बकहो का है। वहां बकहो में हर शुक्रवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगता है। इसमें ही तीनों ने दुकान लगा रखी थी। शाम लगभग सवा छह बजे के आसपास तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी। इसकी चपेट मे आने से तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अमलाई थाना प्रभारी जेपी शर्मा ने बताया कि मृतक सुनील कुशवाहा, 42 वर्ष, निवासी धनपुरी, कुंजी लाला जैसवाल, 45 वर्ष, निवासी अमलाई, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। गोवर्धन नवानी, 54, निवासी बुढ़ार इस घटना में गंभीर घायल हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान गोवर्धन की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। मर्ग कायम कर लिया है।