शहडोल जिले में चोरी के मामले में जब पिता की गिरफ्तारी हुई तो उसके पुत्र ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। युवक ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की। गोलू बर्मन निवासी खैरहा पुलिस ने उसके पिता व भाई को चोरी के मामले में आरोपी बनाया है। भाई तो फरार है, लेकिन पुलिस ने गोलू के पिता को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके बाद आरोपी का पुत्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने पहुंचकर ज्वलनशील पदार्थ आपने ऊपर डाल कर पुलिस पर दबाव बना रहा था। हालांकि, इस दौरान परिजन व स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और मौके पर कोतवाली पुलिस को बुलवाया गया।
युवक का आरोप है कि पुलिस ने उसके पिता को बेवजह चोरी के मामले में आरोपी बनाया है और उसके भाई को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके भाई को पुलिस ने खदेड़ा, जिसके बाद से वह लापता हो गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिकायत करने युवक आया था। लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई, जिसको लेकर उसने कार्यालय के सामने ज्वलनशील पदार्थ डालकर यह आत्मघाती कदम उठाया है। युवक एसपी कार्यालय के सामने ही लेट गया पत्नी व स्थानीय लोगों ने उसे समझा बुझाकर वहां से उठाया।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने बताया कि पिता पुत्र पर चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पिता सुरेश ढीमर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि भाई सोमप्रकाश फरार है, उसके खिलाफ जिला बदर का प्रकरण जिलादंडनीय अधिकारी को भेजा गया है। डीजल या मिट्टी तेल डालकर आरोपी के पुत्र ने आत्मदाह की कोशिश करने का प्रयास किया है। युवक गोलू ढीमर के विरुद्ध भी पूर्व में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि सोमप्रकाश ढीमर थाना खैरहा का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध छह अपराध दर्ज हैं। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए पिता की गिरफ्तारी से परेशान होकर युवक ने ऐसा किया है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई है।