शहडोल में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जयसिंहनगर में 70 वर्षीय व्यक्ति ने 13 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म किया और अब जैतपुर से एक मामला सामने आया है। जहां, 12 वर्षीय मासूम के साथ एक 27 वर्षीय युवक ने गलत काम किया है।
जानकारी के अनुसार नाबालिग बच्ची घर पर अकेली थी, माता-पिता गांव में ही एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे, जिसका फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला 27 वर्षीय युवक घर में घुसा और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची के माता पिता घर पहुंचे तो मासूम ने घटना के बारे में बताया, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से फरार है, लेकिन जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
जैतपुर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि घर में मासूम अकेली थी जिसका फायदा पड़ोस में रहने वाले युवक ने उठाया और घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है, मासूम आपने माता पिता के साथ शिकायत कराने पहुंची थी, जिस पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है, आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।