साइबर ठगी के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है और ठगों के नए-नए तरीकों के कारण आम जनता खतरे में है। हाल ही में शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां ठगों ने जेल में बंद युवक की आवाज निकाल कर उसके परिजनों से 20 हजार रुपये ठग लिए।
3 अगस्त को ग्राम कटकाड़ीह भमरहा निवासी रामबोध साहू को गांजे के पौधे बाड़ी में लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। रामबोध की गिरफ्तारी की जानकारी जैसे ही ठगों को मिली, उन्होंने उसके परिवार को निशाना बनाने का निर्णय लिया।
ये भी पढ़ें-
सिंधिया बोले-जिस कांग्रेस पार्टी का स्वयं का वोट बैंक दिवालिया हो चुका,वह वोट चोरी का आरोप लगा रही
ठगों ने रामबोध के परिवार को फोन कर बताया कि जेल में रामबोध को पीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उसे बचाना है तो तुरंत 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करें। कॉल के दौरान पीछे से मारपीट की आवाज सुनने के कारण रामबोध के परिवार में दहशत फैल गई। परिवार ने सीधे ठगों के दिए गए स्कैन कोड के माध्यम से 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ये भी पढ़ें-
एक ही दिन में बस ड्राइवर और छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, शहर में मातम
रामबोध के परिजनों ने दूसरे दिन जाकर जब रामबोध से जेल में मुलाकात की तो वह घटना झूठी पाई गई। इसके बाद परिजनो ने शहडोल साइबर सेल और ब्यौहारी पुलिस को शिकायत दी। रामबोध की बहन ने कहा कि हमने सोचा कि यह सच है, और हमें अपने भाई की जान की चिंता थी। अब हमें समझ में आ रहा है कि हम कितने बड़े धोखे का शिकार हुए। पुलिस के अनुसार, जिस नंबर से ठगों ने कॉल किया था, उसकी लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। एएसपी ने कहा मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर टीम सक्रिय रूप से जांच कर रही है। ठगों को पकड़ने के लिए सभी संभावित प्रयास किए जाएंगे।