सीहोर जिले के तहत आने वाले नसरुल्लागंज की ग्राम पंचायत बड़नगर में एक अनोखी पहल की गई। यहां नशामुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि गांव में कोई भी व्यक्ति नशे का सेवन नहीं करेगा। शराब पीकर आने वाले को 5,100 रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा और बेचने वाले को 11 हजार रुपये का अर्थदंड देना होगा।
समझाइश के बाद भी यदि कोई व्यक्ति शराब बेचता या पीता है तो उसके खिलाफ पंचायत कानूनी कार्रवाई भी करेगी। इस पहल को शुरू करते हुए पहले दिन गांव के सभी किराना और अन्य दुकानों पर 40 हजार रुपये के गुटखा-पाउच जब्त कर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से उसकी होली जलाई। दुकानदारों के नुकसान की भरपाई ग्राम पंचायत ने की। इसके बाद एसडीएम डीएस तोमर की अध्यक्षता में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पंचायत के पदाधिकारी और महिलाओं ने रैली निकालकर की गुटखा की जब्ती
कार्यक्रम के बाद अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत के पदाधिकारी और महिलाएं रैली के रूप में पूरे गांव में घूमे। इस दौरान विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर गुटखा पाउच और अन्य नशीले पदार्थों को जब्त किया और उनकी सामूहिक होली जलाई। ग्राम पंचायत ने उन दुकानदारों को 40 हजार रुपये का भुगतान भी किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से थाना प्रभारी गोपालपुर आरके व्यास, सरपंच रामभरोस पंवार, उप सरपंच जीवन सिंह विश्वकर्मा, जनपद सदस्य गजराज सिंह, शिक्षक बलराम पंवार और हुकुम सिंह सहित अनेक लोग शामिल रहे।