रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे पुलिस टीम के साथ सलकनपुर पहुंचे
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सीहोर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिला प्रशासन ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर बालागुरू के और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद मैदानी टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे पुलिस टीम के साथ सलकनपुर पहुंचे और वहां मंदिर परिसर, रोप-वे, मंदिर पहुंच मार्ग, मेला स्थल और धर्मशाला की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने सलकनपुर मंदिर समिति के पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति के बनने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। थाना प्रभारी राजेश कहारे ने रोप-वे प्रबंधक से भी चर्चा कर उन्हें स्थिति से अवगत कराने को कहा। सलकनपुर में तैनात पुलिसकर्मियों को भी निर्देश दिए गए कि वे पूरी तरह चौकन्ना रहें और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति बनने पर तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दें।
ये भी पढ़ें:
सरहदी जिलों में रेड अलर्ट, बाजार बंद, लोगों को घरों में रहने की सलाह, कहां कैसे हैं हालात
जिलेभर में अलर्ट
जिला कलेक्टर और एसपी ने जिलेभर में अलर्ट जारी किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी अपने-अपने अनुभाग, थाना क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों समेत भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखें। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति पर निगरानी बनाए रखें। अधिकारियों के निर्देश के बाद मैदानी अमला भी सक्रिय हो गया है। एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी भी निर्देशों के पालन में मैदान में उतर गए हैं।
सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर एवं एसपी ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी राजस्व, पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जरूरी नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, सभी विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें और सुरक्षा के सभी आवश्यक ऐहतियाती कदम तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं।
ये भी पढ़ें:
मध्य प्रदेश में आज भी आंधी, हल्की बारिश के आसार, 40 से अधिक जिलों में अलर्ट,4 दिन रहेगा असर ,
राष्ट्र विरोधी किसी भी प्रचार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए
कलेक्टर बालागुरू के. तथा एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि राष्ट्र विरोधी किसी भी प्रचार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए। नागरिकों को अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए प्रेरित और सूचित किया जाए। केंद्रीय एवं राज्य सरकार के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के साथ ही जिले के प्रमुख स्थलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। आपदा प्रबंधन के सभी उपाय एवं आवश्यक सेवाएं, जैसे स्वास्थ्य व अग्निशमन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
ये भी पढ़ें:
अब पॉलिटेक्निक कोर्स दो साल का, 12वीं के समकक्ष रहेगा, तकनीकी शिक्षा विभाग ने बोर्ड को भेजा प्रस्ताव
विभाग तत्परता और सजगता के साथ तैयार रहें
कलेक्टर एवं एसपी ने जिले की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं की स्थिति और विभागीय समन्वय की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति के लिए सभी विभाग तत्परता और सजगता के साथ तैयार रहें। परिस्थितियां सामान्य होने तक नागरिक सुविधाओं की सहज आपूर्ति से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी एवं फील्ड अमला सतर्क रहें।