डिंडौरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेरा ग्राम पंचायत की महिला सरपंच कौशल्या मार्को और वकील दीपचंद्र साहू के बीच गुरुवार शाम एक गंभीर विवाद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना शहपुरा के मुख्य बाजार क्षेत्र में शाम लगभग 8 बजे हुई, जब दोनों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट तक की नौबत आ गई।
घटना के बाद शुक्रवार को सरपंच कौशल्या मार्को ने शहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वकील ने रास्ते में छेड़खानी की। सरपंच का कहना है कि जब वह बाजार से गुजर रही थीं, तभी वकील दीपचंद्र साहू ने अशोभनीय हरकत की, जिसका विरोध करने पर मामला बढ़ गया। वहीं दूसरी ओर, वकील दीपचंद्र साहू ने भी थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच ने सरेआम उनके साथ मारपीट की और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई। वकील का कहना है कि वे बाजार में अपने काम से गए थे, तभी बिना किसी कारण सरपंच ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें:
सरहदी जिलों में रेड अलर्ट, बाजार बंद, लोगों को घरों में रहने की सलाह, कहां कैसे हैं हालात
शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने बताया कि घटना के वीडियो और चश्मदीदों के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस मामले को लेकर शहपुरा अधिवक्ता संघ भी सक्रिय हो गया है। संघ ने वकील दीपचंद्र साहू के समर्थन में थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दयाराम साहू ने आरोप लगाया कि सरपंच द्वारा पूर्व में भी वकील के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था, जिसकी जांच अब तक अधूरी है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता संघ विरोध प्रदर्शन करेगा।
ये भी पढ़ें:
मध्य प्रदेश में आज भी आंधी, हल्की बारिश के आसार, 40 से अधिक जिलों में अलर्ट,4 दिन रहेगा असर ,
ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता संघ के सदस्य अमित गुप्ता, अतुल गुप्ता, जागेश्वर पड़वार और अन्य कई अधिवक्ता मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।