फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर: मां-बाप ने जिंदगी दी, बच्चों ने वृद्धाश्रम! विधायक राय बोले- ऐसी औलादों को मिले कड़ी सजा, लिस्ट मांगी

Thu, 01 Oct 2026 07:13 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सार

अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर सीहोर के सैकड़ा खेड़ी स्थित संकल्प वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के सम्मान का कार्यक्रम हुआ। विधायक सुदेश राय ने बुजुर्ग माता-पिता को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने सक्षम रिश्तेदारों की जानकारी जुटाने और बुजुर्गों की देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। 
विज्ञापन
बुजुर्ग मां-बाप को सताने वालों पर विधायक राय सख्त, बोले- फांसी की सजा भी कम है
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिन हाथों ने बच्चों को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, जिन माता-पिता ने अपनी खुशियां त्यागकर बच्चों का भविष्य संवारा, जीवन के उसी पड़ाव पर यदि उन्हें अपनों का सहारा न मिले तो इससे बड़ा दुख और क्या हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर सैकड़ा खेड़ी स्थित संकल्प वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में यही संवेदनशील मुद्दा प्रमुखता से उठा। विधायक सुदेश राय ने बुजुर्ग मां-बाप को प्रताड़ित करने वाले बच्चों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।

विज्ञापन


‘फांसी की सजा भी कम है’
कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय ने कहा कि बुजुर्ग मां-बाप को घर से निकालने और उन्हें सताने वाले बच्चों के लिए फांसी की सजा भी कम है। उन्होंने कहा कि जिन माता-पिता ने जन्म दिया, पढ़ाया-लिखाया और अपनी जिंदगी की कठिनाइयों को सहते हुए बच्चों को बड़ा किया, उन्हीं के साथ बुढ़ापे में तिरस्कार और उपेक्षा बेहद पीड़ादायक है।

सक्षम रिश्तेदारों की सूची मांगी
विधायक सुदेश राय ने संकल्प वृद्धाश्रम के संचालक डॉ. राहुल सिंह से आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के सक्षम रिश्तेदारों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि बुजुर्गों के परिवार में ऐसे रिश्तेदार हैं, जो उनकी देखभाल कर सकते हैं, तो उनकी जानकारी सामने आनी चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों की संपत्ति हड़पने और उन्हें बेसहारा छोड़ने वाले लोगों के नाम उजागर करने की बात भी कही।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: राहुल के बालाघाट दौरे पर भाजपा का पलटवार, राजेंद्र शुक्ल बोले- ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ करने आए

बुजुर्गों ने तालियों से किया समर्थन
विधायक की बात सुनकर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने तालियां बजाकर समर्थन किया। उनके चेहरों पर एक ओर अपनों की कमी का दर्द दिखाई दिया तो दूसरी ओर यह संतोष भी नजर आया कि समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो उनकी पीड़ा को समझने और आवाज उठाने के लिए आगे आ रहे हैं।

फूल-माला, शॉल और श्रीफल से सम्मान
अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों का फूल-माला पहनाकर, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को फल और मिठाइयां भी वितरित की गईं। माहौल भावुक होने के साथ आत्मीय भी रहा।

120 वर्ष की उम्र का दावा, विधायक ने जोड़ा भावनाओं से
कार्यक्रम के दौरान संकल्प वृद्धाश्रम में रह रहे एक बुजुर्ग ने अपनी आयु 120 वर्ष होने का दावा किया। इस पर विधायक सुदेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजबूत हैं, उनकी प्रजा और देश के बुजुर्ग भी मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि उम्र चाहे कितनी भी हो, बुजुर्गों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है।

‘आज वे हैं, कल हमारी बारी होगी’
विधायक ने कहा कि सभी लोगों को जीवन के इसी पड़ाव से गुजरना है। इसलिए बुजुर्गों का अपमान और तिरस्कार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद से बढ़कर जीवन में कोई संपत्ति नहीं होती और जिन बच्चों को माता-पिता ने जीवन दिया, उनका कर्तव्य है कि वे बुढ़ापे में उनका सहारा बनें।
विज्ञापन


जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, भाजपा सीहोर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, पार्षद लोकेंद्र वर्मा, नरेंद्र राजपूत सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि बुजुर्गों की सेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संस्कार और मानवीय संवेदना की पहचान है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें