मध्यप्रदेश के सीहोर में अवैध संबंधों को लेकर हत्या करने का मामला सामने आया है। एक बेटे ने मां के साथ किसी ग्रामीण को संदिग्ध हालत में देख लिया था, गुस्से में आकर उसने ग्रामीण के सिर में मसाला पीसने का पत्थर मार दिया। ग्रामीम की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मामला बुधनी के गांव खाण्डाबड़ का है। पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को डायल 100 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम खाण्डाबड़ में कुंवरसिंह नाम के व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना पर बुधनी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जयराम भंवर के घर के सामने कुंवरसिंह पिता रामसिंह बारेला का शव पड़ा हुआ था। उसके सिर पर चोट के निशान थे। थाना प्रभारी बुधनी निरीक्षक विकास खिचीं के नेतृत्व में टीम गठित की गई। छानबीन के बाद मामले में आरोपी सुनील बारेला पिता रामलाल बारेला उम्र 22 साल निवासी ग्राम खाण्डाबड़ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की ओर से बताया गया कि कुंवरसिंह (50) निवासी ग्राम खाण्डाबड़ नसरूल्लागंज में खेत की रखवाली करता था। 11 अप्रैल को वह जयराम भंवर के घर आया था। जयराम भंवर अपनी बेटी के साथ गांव में गया था। उस समय कुंवरसिंह घर पर अकेला था। मृतक का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग था एवं महिला मृतक से मिलने जयराम के घर पहुंची थी। कुछ देर बाद महिला का बेटा सुनील भी पीछे से आ गया। जिसने अपनी मां को कुंवरसिंह के साथ देख लिया। गुस्से में आकर मसाला पीसने का पत्थर उठाकर कुंवरसिंह के सिर में मार दिया। जिससे कुंवरसिंह की मृत्यु हो गई। बाद मे आरोपी सुनील बारेला वहां से भाग गया था।