आग लगने से फर्नीचर की दुकान हुई खाक
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के सीहोर शहर के लुनिया चौराहा ओवरब्रिज के पास शुक्रवार की सुबह फर्नीचर शॉप में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने की घटना में लाखों का फर्नीचर जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, लुनिया चौराहे पर स्थित राधेश्याम विश्वकर्मा की फर्नीचर की दुकान है। उनकी दुकान पर सुबह लगभग आठ बजे आग लग गई। लोगों ने बंद दुकान से धुआं उठता देख दुकान मालिक और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह गुरुवार रात 12 बजे दुकान बंद करके घर गया था। उसके बाद यह हादसा घटित हो गया। उसका कहना है कि धनतेरस के लिए ग्राहकों के ऑर्डर पर तैयार किया गया फर्नीचर आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने से लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान बताया जा रहा है।